गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
बिल्हौर। ककवन थाना क्षेत्र के लोधन पुरवा गांव में रविवार सुबह करंट लगने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घरेलू कार्य के दौरान बिजली बोर्ड से पंखे का प्लग निकालते समय महिला करंट की चपेट में आ गई। परिजन तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, लोधन पुरवा निवासी राधेश्याम की पत्नी फूलमती (60) रविवार सुबह करीब नौ बजे घर में बिजली बोर्ड से पंखे का प्लग निकाल रही थीं। इसी दौरान अचानक उन्हें तेज करंट लग गया, जिससे वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ीं। परिवार के लोग आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फूलमती के निधन की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका अपने पीछे पति, एक पुत्र और दो विवाहित बेटियों का परिवार छोड़ गई हैं। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर बिल्हौर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती जांच में मामला घरेलू दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है।

