ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
बिल्हौर कानपुर। बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह से मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र में चार नए कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय स्थापित किए जाने का प्रस्ताव सौंपा।
विधायक ने बताया कि बिल्हौर विधानसभा के कई ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को बेहतर आवासीय शिक्षा के लिए दूर-दराज के विद्यालयों पर निर्भर रहना पड़ता है। ऐसे में प्रत्येक विकास खंड में एक-एक कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की स्थापना होने से हजारों बेटियों को अपने क्षेत्र के निकट ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित आवासीय वातावरण और आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
प्रस्ताव के अनुसार विकास खंड बिल्हौर के ग्राम बकोठी, शिवराजपुर विकास खंड के रौतापुर खुर्द, ककवन विकास खंड के मैदा तथा चौबेपुर विकास खंड के त्रिलोकपुर (बदनपुर) में विद्यालय स्थापित किए जाने का सुझाव दिया गया है। इन सभी स्थानों पर भूमि चिह्नित किए जाने की जानकारी भी दी गई है।
राज्य मंत्री संदीप सिंह ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बालिका शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और यदि यह प्रस्ताव स्वीकृत होता है तो बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र की हजारों छात्राओं को बेहतर शैक्षिक अवसर प्राप्त होंगे।
विधायक ने विश्वास जताया कि सरकार के सहयोग से क्षेत्र में चार नए कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे बालिका शिक्षा को नई दिशा और क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी।

