जितेन्द्र सिंह जीतू आगरा मंडल प्रभारी : शब्द मेल समाचार
मैनपुरी, 31 जुलाई। पुलिस अधीक्षक मैनपुरी के कुशल निर्देशन में शुक्रवार को परिवार परामर्श केंद्र का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 21 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई। प्रभावी काउंसलिंग के परिणामस्वरूप एक दंपति ने आपसी मतभेद भुलाकर पुनः साथ रहने का निर्णय लिया, जिससे एक परिवार टूटने से बच गया।
परामर्श केंद्र में रश्मी उर्फ पूनम निवासी ग्राम भांवत, थाना एलाऊ, जनपद मैनपुरी एवं उनके पति संदीप कुमार निवासी राधाकृष्ण कॉलोनी, कुँआखेड़ा, थाना ताजगंज, जनपद आगरा के वैवाहिक विवाद की सुनवाई की गई। दोनों का विवाह 26 नवंबर 2019 को हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था।
मामले में दंपति को पांच अलग-अलग तिथियों पर परिवार परामर्श केंद्र बुलाकर विस्तार से काउंसलिंग की गई। पत्नी ने पति पर शराब पीकर मारपीट करने तथा भरण-पोषण का खर्च न देने के आरोप लगाए थे। केंद्र के काउंसलरों ने दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनते हुए धैर्यपूर्वक समझाइश दी। लगातार प्रयासों के बाद दोनों ने अपने गिले-शिकवे भुलाकर वैवाहिक जीवन को नई शुरुआत देने और साथ-साथ रहने की सहमति व्यक्त की। इसके बाद पत्रावली का सफलतापूर्वक निस्तारण कर दंपति को विदा किया गया।
परिवार परामर्श केंद्र का उद्देश्य न्यायालयी विवादों से पूर्व आपसी संवाद और समझौते के माध्यम से परिवारों को टूटने से बचाना है, जिसमें मैनपुरी पुलिस लगातार सकारात्मक भूमिका निभा रही है।
इस अवसर पर प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र श्रीमती हेमलता सिंह, काउंसलर श्री रामकिशन यादव, मुजम्मिल मिर्जा, श्रीमती मंजुषा चौहान, श्रीमती ज्योति मेशी, श्रीमती मनोरमा सिंह, श्रीमती ममता चौहान, महिला हेड कांस्टेबल कुसुम तथा महिला कांस्टेबल रेशू देवी उपस्थित रहीं।

