गगनेश तिवारी ब्यूरो : शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
बिल्हौर (कानपुर नगर)। बिल्हौर थाना पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थान पर हंगामा कर शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की संदिग्ध मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई की शाम थाना बिल्हौर पुलिस नगर पालिका क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान नगर पालिका के समीप बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध मोटरसाइकिल खड़ी दिखाई दी। पूछताछ के दौरान बाइक सवार अंकित पुत्र स्वर्गीय गंगाराम, निवासी मोहल्ला जवाहर नगर, थाना बिल्हौर, पुलिस से उलझ गया और तेज आवाज में हंगामा करने लगा।
पुलिस ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसके उग्र व्यवहार से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शांति व्यवस्था बनाए रखने एवं किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत हिरासत में ले लिया। वहीं, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी मारपीट एवं अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कपिल कुमार तथा हेड कांस्टेबल राजवीर सिंह शामिल रहे।

