गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
गंगूपुर-पहिनी-हल्लापुर सड़क का होगा निर्माण, 4 किलोमीटर मार्ग पर खर्च होंगे 3 करोड़ 48 लाख रुपये
बिल्हौर (कानपुर नगर)। बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों के विकास को गति देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। बिल्हौर विधायक राहुल बच्चा सोनकर के प्रयासों से क्षेत्र के गंगूपुर-पहिनी-हल्लापुर मार्ग के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। लगभग 4 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण पर 3 करोड़ 48 लाख रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी।
यह सड़क लंबे समय से क्षेत्रीय ग्रामीणों के लिए आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण मार्ग मानी जाती है। सड़क के निर्माण से गंगूपुर, पहिनी, हल्लापुर सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों को दैनिक आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तथा कृषि कार्यों के लिए आने-जाने में काफी सहूलियत होगी।
विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने कहा कि बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र का चहुंमुखी विकास उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र के गांवों को बेहतर सड़क सुविधाओं से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की विकासपरक योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गंगूपुर-पहिनी-हल्लापुर मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों को वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिलेगी। सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ग्रामीणों का सफर अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगा।
क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण की स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक राहुल बच्चा सोनकर का आभार जताया है और इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ी सौगात बताया है।

