गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
बिल्हौर (कानपुर नगर)। तहसील क्षेत्र के अरौल थाना अंतर्गत ग्राम शेषपुर धर्मशाला में सार्वजनिक चकमार्ग पर कथित अवैध कब्जे का मामला एक बार फिर चर्चा में है। गांव निवासी अरविंद त्रिपाठी ने जिलाधिकारी से शिकायत कर चकमार्ग संख्या-14 को अतिक्रमण मुक्त कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
शिकायत के अनुसार, प्रार्थी आराजी संख्या-13 के सहखातेदार भूमिधर हैं। उनका आरोप है कि आराजी से लगे चकमार्ग संख्या-14 पर सुरेश कुमार पुत्र सूबेदार सहित अन्य लोगों ने अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य करा लिया है, जिससे सार्वजनिक मार्ग बाधित हो गया है।
प्रार्थी ने बताया कि इससे पहले भी इस संबंध में उपजिलाधिकारी बिल्हौर को शिकायत दी गई थी। जांच के दौरान लेखपाल ने पैमाइश कर रिपोर्ट प्रस्तुत की थी, जिसके आधार पर 20 जनवरी 2026 को अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी किए गए और संबंधित पक्षों को नोटिस भी दिए गए थे। इसके बावजूद अब तक कब्जा नहीं हटाया गया।
मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में पहुंचने पर राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) एवं लेखपाल को संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक कार्रवाई शुरू होने के बाद ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि सार्वजनिक चकमार्ग को शीघ्र अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित होगी।

