आलोक अवस्थी उत्तर प्रदेश प्रभारी : शब्द मेल समाचार
उत्तर प्रदेश।कानपुर नगर।बिल्हौर, पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट कानपुर नगर के निर्देशन में मंगलवार को पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) एस.एम. कासिम आबिदी ने नवनिर्मित थाना बिल्हौर एवं सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) कार्यालय बिल्हौर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसीपी पश्चिम ने थाना परिसर, कार्यालय कक्ष, अभिलेखों के रखरखाव, मालखाना, शस्त्रागार, बैरक, भोजनालय, महिला हेल्प डेस्क, आगंतुक कक्ष तथा सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था एवं आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाना परिसर की व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखें, अभिलेखों का नियमित रूप से संधारण करें तथा जनता को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता में रखा जाए।

