आलोक अवस्थी उत्तर प्रदेश प्रभारी शब्द मेल समाचार
कानपुर नगर। आगामी ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस. एम. कासिम आबिदी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर पर्व के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में पुलिस उपायुक्त यातायात कानपुर नगर, अपर जिला मजिस्ट्रेट (नगर), अपर पुलिस उपायुक्त पश्चिम/अभिसूचना, महाप्रबंधक जल संस्थान, जोन पश्चिम के समस्त सहायक पुलिस आयुक्त, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, नगर आयुक्त, मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य अभियंता केस्को, मुख्य अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, अपर नगर मजिस्ट्रेट (षष्टम) तथा नगर पंचायत बिठूर के अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, घाटों पर बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं एवं अग्नि सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने हेतु प्रभावी प्लान लागू किया जाए। वहीं नगर निगम एवं अन्य विभागों को साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आश्वासन दिया, जिससे ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया जा सके।

