गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
बिल्हौर। बिल्हौर थाना क्षेत्र के उत्तरीपुरा चौकी अंतर्गत मोहन पुरवा गांव के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय ट्रैक्टर चालक की एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान मोहन पुरवा निवासी सूरज उर्फ बबले (25) पुत्र मूलचंद गौतम के रूप में हुई है। वह पेशे से ट्रैक्टर चालक था। परिजनों के अनुसार सूरज बुधवार रात भोजन करने के बाद घर से निकला था। देर रात गांव के पास कानपुर से फर्रुखाबाद की ओर जा रही एक एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कुछ समय बाद उधर से गुजर रहे ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक के किनारे युवक का शव पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल गांव और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

