सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज, डाला वाहन समेत चोरी के मोटर हेड व ट्रांसफार्मर का कॉपर वायर बरामद
गगनेश तिवारी ब्यूरो: शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
बिल्हौर कानपुर नगर। किसानों के खेतों में लगे विद्युत मोटरों के हेड और ट्रांसफार्मर निशाना बनाने वाले संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। तीन अगस्त की रात हुई चोरी की सूचना के बाद सक्रिय हुई पुलिस और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर गिरोह तक पहुंच बनाई। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड अमित भारद्वाज उर्फ राजेश शर्मा समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से डाला वाहन, चोरी किए गए मोटर हेड, ट्रांसफार्मर से निकाला गया कॉपर वायर और अन्य सामान बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपितों में अमित भारद्वाज उर्फ राजेश शर्मा, अंकित अग्रहरी, शिवम चौरसिया, राकेश ठाकुर और प्रांशु सोनकर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार अमित भारद्वाज उर्फ राजेश शर्मा गिरोह का संचालन करता था। पूछताछ में आरोपितों के अभ्यस्त अपराधी होने तथा विभिन्न जनपदों में उनके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
मोबाइल चैट ने खोले नेटवर्क के राज
पुलिस ने आरोपितों के मोबाइल फोन में मिले चैट और फोटो का विश्लेषण किया तो बिहार और राजस्थान से अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त से जुड़े होने के तथ्य भी सामने आए। इससे पुलिस अब चोरी के गिरोह के साथ कथित असलहा नेटवर्क के कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही है।
अन्य सदस्यों की तलाश तेज
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरोह के पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। बरामद साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। गिरोह का राजफाश करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया है।

