जितेन्द्र सिंह जीतू आगरा मंडल प्रभारी शब्द मेल समाचार
मैनपुरी। कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कैंटीन का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु अपर जिलाधिकारी तथा भाजपा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कैंटीन का उद्घाटन किया।
कैंटीन के शुरू होने से कलेक्ट्रेट आने वाले फरियादियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं तथा आमजन को महज 10 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। कैंटीन की सुविधा सभी कार्य दिवसों में उपलब्ध रहेगी। प्रशासन की इस पहल से कलेक्ट्रेट आने वाले लोगों को कम कीमत पर स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन मिल सकेगा।
उद्घाटन के दौरान जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि कलेक्ट्रेट में आने वाले फरियादियों और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कैंटीन की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में जनपद की प्रत्येक तहसील में भी इसी प्रकार की कैंटीन शुरू करने की योजना है, ताकि तहसील स्तर पर आने वाले लोगों को भी सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराया जा सके। उद्घाटन के अवसर पर कैंटीन की रसोई में तैयार की गई खीर भी लोगों को वितरित की गई। जिलाधिकारी ने स्वयं अपने हाथों से राहगीरों और उपस्थित लोगों को खीर बांटी। कैंटीन शुरू होने से कलेक्ट्रेट परिसर में आने वाले लोगों में खुशी का माहौल रहा।

