ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
अरौल, कानपुर नगर।
थाना क्षेत्र के ग्राम बेर्राखानपुर से ग्राम बरंडा स्थित लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे सर्विस रोड मार्ग पर निर्माणाधीन पीडब्ल्यूडी सड़क को लेकर लगाए गए आरोपों की जांच के लिए गुरुवार, 6 अगस्त 2026 को लोक निर्माण विभाग के जेई मनोज सिंह एवं ठेकेदार शिवम मिश्रा मौके पर पहुंचे और जाँच की।
ठेकेदार शिवम मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण का कोई भी कार्य रात्रि में नहीं कराया गया है, बल्कि संपूर्ण कार्य विभागीय मानकों के अनुरूप दिन के समय किया जा रहा है।
मौके पर मौजूद श्यामू कटियार, दीनू कटियार, अधिवक्ता अरविंद कटियार तथा अनिल कटियार (मास्टर), निवासी ग्राम बेर्राखानपुर ने भी बताया कि सड़क निर्माण का कार्य कई बार विभागीय पैमाइश एवं सत्यापन के बाद कराया जा रहा है। उनके अनुसार सड़क किसी भी व्यक्ति के निजी खेत से नहीं निकाली जा रही है और निर्माण पूरी तरह निर्धारित सीमा के भीतर किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रदीप कुमार कटियार पुत्र श्री राजाराम कटियार, अनिल कटियार (मास्टर) तथा अधिवक्ता अरविंद कटियार पुत्र श्री कैलाश चन्द्र कटियार ने जनहित में सड़क निर्माण के लिए अपनी निजी भूमि का भी हिस्सा स्वेच्छा से उपलब्ध कराया है, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि कुछ लोग सरकारी आराजी भूमि पर अपने वास्तविक रकबे से अधिक क्षेत्र पर कब्जा किए हुए हैं। इसी कारण सड़क निर्माण को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने तथा विकास कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

