गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
कानपुर। बिल्हौर क्षेत्र के अरौल थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने सोमवार शाम एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार तस्करी के लिए ले जाई जा रही भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। कानपुर-अलीगढ़ हाईवे पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक आई-10 कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें से 416 बोतल हरियाणा निर्मित शराब बरामद हुई।
*मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल*
अरौल थाना प्रभारी जनार्दन सिंह यादव ने बताया कि पुलिस टीम हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक कार के जरिए बड़ी मात्रा में शराब लेकर बिहार की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने मेड़ुआ अंडरपास के पास घेराबंदी की और कार को रोक लिया।
*फरीदाबाद का रहने वाला है आरोपी*
तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से हरियाणा ब्रांड ‘रॉयल ग्रीन’ की 416 बोतलें बरामद की गईं। बरामद शराब की कुल कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरियाणा के फरीदाबाद जिले के अनंगपुर, थाना सूरजकुंड निवासी मोहित भड़ाना के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह फरीदाबाद से यह खेप बिहार ले जा रहा था और पहले भी कई बार इस तरह की तस्करी कर चुका है।
*नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस*
इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और तस्करी में इस्तेमाल की गई कार को जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। कार्रवाई के दौरान अरौल पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम के कई अधिकारी मौजूद रहे।

