गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार : बिल्हौर कानपुर नगर
शिवराजपुर (कानपुर नगर)। कस्बे की गैस एजेंसी पर अव्यवस्थाओं और मनमानी के आरोपों को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। भीषण गर्मी के बीच उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है, इसके बावजूद कई लोगों को बिना सिलेंडर के ही वापस लौटना पड़ रहा है।
सुबह 3 बजे से लग रही लाइन
उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी पर गैस सिलेंडर लेने के लिए लोग सुबह 3 बजे से ही लाइन में लग जाते हैं। तापमान 45 डिग्री के पार पहुंचने के बावजूद बुजुर्ग, महिलाएं और मजदूर वर्ग के लोग घंटों धूप में खड़े रहने को मजबूर हैं। कई लोगों के चक्कर आने और बेहोश होने की भी बातें सामने आई हैं।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि काउंटर पर जानबूझकर स्टाफ कम रखा जाता है और वितरण प्रक्रिया धीमी रखी जाती है। इससे बड़ी संख्या में उपभोक्ता बिना सिलेंडर के लौट जाते हैं।
दिहाड़ी मजदूरों पर दोहरी मार
गैस लेने आए दिहाड़ी मजदूरों का कहना है कि एक दिन लाइन में लगने से उनकी मजदूरी चली जाती है, और ऊपर से सिलेंडर भी नहीं मिलता। इससे उनके सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो रहा है।
महिलाओं ने बयां किया दर्द
एक महिला उपभोक्ता ने बताया कि वह लगातार तीन दिन से लाइन में लग रही हैं, लेकिन हर बार निराशा हाथ लग रही है। मजबूरी में महंगे दाम पर सिलेंडर मंगवाना पड़ रहा है, जिससे घरेलू बजट बिगड़ गया है।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने जिला पूर्ति अधिकारी और एसडीएम से मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने टोकन सिस्टम लागू करने, काउंटर बढ़ाने और होम डिलीवरी को पारदर्शी बनाने की मांग उठाई है। साथ ही गर्मी को देखते हुए विशेष वितरण कैंप लगाने की भी मांग की गई है।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उपभोक्ता फोरम और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ ही धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

