गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
बिल्हौर। ग्रामीण विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अनुभव जे. जैन शुक्रवार को बिल्हौर विकासखंड की मकनपुर ग्राम पंचायत पहुंचे। उन्होंने ग्राम सचिवालय का औचक निरीक्षण कर अभिलेखों की गहन जांच की तथा अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने पंचायत भवन की व्यवस्थाओं, स्वच्छता अभियान, पेयजल आपूर्ति, सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अभिलेखों का मिलान करते हुए योजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता का भी परीक्षण किया।
सीडीओ ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचे। उन्होंने विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
औचक निरीक्षण से ग्राम सचिवालय में पूरे समय प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहीं। अधिकारियों व कर्मचारियों में आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने और योजनाओं की प्रगति से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने की हलचल बनी रही।

