आलोक अवस्थी उत्तर प्रदेश प्रभारी शब्द मेल समाचार
मुख्यमंत्री के नाम डिप्टी सीवीओ को दिया मांगपत्र, सेवा सुरक्षा की उठाई मांग
उत्तर प्रदेश। कानपुर नगर।बिल्हौर ब्लॉक क्षेत्र के पैरावेट कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पशु चिकित्सालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन डिप्टी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (डिप्टी सीवीओ) अरुण कुमार को सौंपा। कर्मचारियों ने वर्षों से संविदा पर कार्यरत पैरावेट कर्मियों का नियमितीकरण किए जाने की मांग उठाई।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने कहा कि पैरावेट कर्मी लंबे समय से पशुपालन विभाग की योजनाओं के संचालन, पशुओं के टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पशु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें नियमित सेवा का लाभ नहीं मिल रहा है। ऐसे में उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए शीघ्र नियमितीकरण और सेवा सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए।
कर्मचारियों ने शासन से मांग की कि संविदा पर कार्यरत सभी पैरावेट कर्मियों को नियमित किया जाए तथा उन्हें अन्य कर्मचारियों की तरह आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएं। उनका कहना था कि वर्षों से विभाग की जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के बावजूद उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
डिप्टी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अरुण कुमार ने ज्ञापन प्राप्त कर उसे शासन तक भेजने का आश्वासन दिया। इस दौरान बिपिन चंद्र पाल, अभिषेक तिवारी, सूरज, दिवाकर, अभिषेक पाल, सुजीत, शेखर सहित अन्य पैरावेट कर्मचारी मौजूद रहे।

