गगनेश तिवारी ब्यूरो : शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
बिल्हौर ब्लॉक अंतर्गत अरौल थाना क्षेत्र के ग्राम बकोठी–बेर्राखानपुर मार्ग की बदहाल स्थिति अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है। सड़क पर बने विशाल गड्ढे बरसात के पानी से लबालब भर गए हैं, जिससे पूरा मार्ग तालाब में तब्दील हो गया है। राहगीरों, बाइक सवारों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों का इस मार्ग से गुजरना किसी जोखिम से कम नहीं रह गया है।
अरुण कटियार, आशीष कटियार, रामू,सौरभ, लल्लू, बलबीर, सुनील राठौर,प्रेमनारायण राठौर, शालू आदि ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर आए दिन लोग गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं, लेकिन लोक निर्माण विभाग और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के चलते आज तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई और किसी बड़े हादसे में जनहानि होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराकर लोगों को राहत दिलाने की मांग की है।

