जितेन्द्र सिंह जीतू आगरा मंडल प्रभारी शब्द मेल समाचार
लखनऊ/मैनपुरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्य में शिथिलता, भ्रष्टाचार और कार्य स्थल पर अनुशासनहीनता को लेकर बेहद गंभीर हैं। प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टालरेंस नीति के तहत नगर विकास विभाग ने हरदोई जिले में तैनात दो अधिशासी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। रिश्वतखोरी और कमीशन लेने के आरोपों में नगर पालिका परिषद शाहाबाद के अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार सोनकर तथा नगर पालिका परिषद बिलग्राम के अधिशासी अधिकारी नीलाव शल्या को निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
निदेशक नगरीय निकाय अनुज कुमार झा की ओर से जारी आदेश के अनुसार शाहाबाद नगर पालिका परिषद में तैनात ईओ कृष्ण कुमार सोनकर पर दो लाख रुपये रिश्वत लेने का आरोप है। एडीएम (न्यायिक) एवं प्रभारी अधिकारी (स्थानीय निकाय) हरदोई की रिपोर्ट तथा नगर पालिका परिषद शाहाबाद के अध्यक्ष की उपलब्ध कराई गई सूचना के आधार पर निदेशालय ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं। वहीं, नगर पालिका परिषद बिलग्राम में तैनात अधिशासी अधिकारी नीलाव शल्या पर एक ठेकेदार से गौशाला में भूसा आपूर्ति समेत अन्य कार्यों के भुगतान के बदले कमीशन और रिश्वत लेने का आरोप हैं। इस मामले में कथित वीडियो वायरल होने और एफआइआर दर्ज होने के बाद जिलाधिकारी हरदोई तथा अतिरिक्त मजिस्ट्रेट की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई। निदेशालय ने नीलाव शल्या को भी निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई शुरू करने के आदेश जारी कर दिए हैं। निदेशक ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या संरक्षण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मैनपुरी के घिरोर में सस्पेंड हुए थें नीलाव शल्या
जनपद की घिरोर नगर पंचायत में भी ईओ के रुप में नीलाव शल्या तैनात रह चुके है। इनका कार्यकाल इतना खराब था कि नगर पंचायत के चेयरमैन सहित पूरी नगर पंचायत के कर्मियों ने इनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया था, नीलाव शल्या घिरोर नगर पंचायत में सभी कार्यो में कमीशन लेते थें। एक ठेकेदार से कार्य देने के बदले कमीशन के रुपए लेते हुए इनका वीडिया सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद डीएम की रिपोर्ट के आधार पर इनको सस्पेंड कर दिया था। तब भी इनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए थें।

