शर्मा संवाददाता शब्द मेल समाचार राहुल अलीगढ़ उत्तर प्रदेश
युवाओं ने शहीद भगत सिंह के क्रांतिकारी विचारों, तर्कशीलता और अध्ययनशीलता पर रखे विचार
राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय,
अलीगढ़ के कुलपति प्रो. नरेंद्र बहादुर सिंह के मार्गदर्शन में राजनीति विज्ञान विभाग के ‘फ्री थिंकर्स क्लब’ द्वारा शहीद भगत सिंह की जयंती के अवसर पर उनके जीवन-दर्शन, व्यक्तित्व, कृतित्व एवं क्रांतिकारी विचारों पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भगत सिंह की वैचारिक विरासत, तर्कशील चिंतन, अध्ययनशीलता एवं सामाजिक परिवर्तन के प्रति उनकी दृष्टि से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत क्लब की नियमित गतिविधि साप्ताहिक करेंट अफेयर्स से हुई, जिसे पुनीत प्रताप सिंह एवं रेणु गौतम ने प्रस्तुत किया। इसके पश्चात मेघश्याम ने भगत सिंह के जीवन से प्रेरणा लेते हुए युवाओं से वैचारिक जागरूकता एवं सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। निखिल चौधरी ने कहा कि भगत सिंह केवल एक नाम नहीं, बल्कि एक विचारधारा और वैचारिक चेतना के प्रतीक हैं।
इमरान खान ने भगत सिंह के शौर्य एवं उनके विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस प्रकार उनके साहस ने ब्रिटिश शासन को चुनौती दी, उसी प्रकार उनके विचार सामाजिक अन्याय एवं असमानता के विरुद्ध चेतना पैदा करने में प्रेरणास्रोत हैं। याशिका भारद्वाज ने कहा कि भगत सिंह के विचार आज भी युवाओं को प्रभावित करते हैं। रोहित ने भगत सिंह जैसी वैचारिक दृष्टि के लिए युवाओं में अध्ययन एवं बौद्धिक जिज्ञासा को आवश्यक बताया।
अभिषेक गौतम ने भगत सिंह के जीवन, व्यक्तित्व एवं कृतित्व के साथ उनके क्रांतिकारी विचारों की तर्कशीलता, प्रश्न पूछने के साहस और विचारशीलता पर विस्तार से प्रकाश डाला। दिव्या ने उनके जेल जीवन तथा फांसी से जुड़े प्रसंगों पर चर्चा की। अभिषेक यादव ने कहा कि क्रांति केवल व्यवस्था परिवर्तन नहीं, बल्कि विचारों में परिवर्तन की प्रक्रिया भी है।
ऊधम सिंह ने विद्यार्थियों के जीवन में स्वतंत्र सोच एवं व्यापक अध्ययन के महत्व को रेखांकित करते हुए भगत सिंह की अध्ययनशील प्रवृत्ति से प्रेरणा लेने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन राशि वर्मा ने किया। उन्होंने भगत सिंह के जीवन एवं विचारों पर आधारित विभिन्न पुस्तकों का उल्लेख करते हुए उनके अध्ययन और वैचारिक योगदान की जानकारी साझा की।
इस अवसर पर फ्री थिंकर्स क्लब के सभी सदस्य तथा राजनीति विज्ञान विभाग के डॉ. केशव शर्मा एवं गगन प्रताप सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भगत सिंह के विचारों को समकालीन सामाजिक संदर्भों से जोड़ते हुए स्वतंत्र चिंतन, तर्कशीलता, अध्ययन और सामाजिक चेतना के महत्व पर सार्थक संवाद किया

