जितेन्द्र सिंह जीतू : आगरा मंडल प्रभारी शब्द मेल समाचार
मैनपुरी: जिले के कुर्रा थाना क्षेत्र के सोज बाजार में एक चाट व्यापारी के साथ कथित मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के दौरान कुछ लोगों ने व्यापारी पर लाठी-डंडों, लोहे के पाइप और सरियों से हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित की पत्नी ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि घटना के समय पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे, लेकिन उनके सामने ही मारपीट होती रही और आरोपियों के खिलाफ तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि पूरी घटना के वीडियो और तस्वीरें भी मौजूद हैं, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि इससे पहले भी आरोपितों के खिलाफ शिकायत की गई थी, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। अब पीड़ित परिवार ने एसपी मैनपुरी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल, इस मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।

