गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
बिल्हौर। कानपुर नगर के जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने बुधवार को बिल्हौर क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों और जनहित योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आरआरसी सेंटर, शिवराजपुर स्थित कान्हा गौशाला, नगर पंचायत कार्यालय, कांशीराम आवासीय कॉलोनी तथा मढ़ई निवादा की पानी टंकी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत चौबेपुर स्थित आरआरसी सेंटर से हुई, जहां जिलाधिकारी ने कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था, साफ-सफाई और केंद्र की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। व्यवस्थाओं से संतुष्टि व्यक्त करते हुए उन्होंने केंद्र के संचालन की सराहना की। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने तथा कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी शिवराजपुर स्थित कान्हा गौशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गोवंशों की देखभाल, हरे चारे की उपलब्धता, पेयजल व्यवस्था और गर्मी से बचाव के लिए किए गए इंतजामों का निरीक्षण किया। गौशाला में मौजूद 166 गोवंशों की समुचित देखभाल पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने नगर पंचायत के कर्मचारियों और अधिकारियों की सराहना की। साथ ही अन्य निकायों को भी इस मॉडल से प्रेरणा लेने की सलाह दी तथा गोबर के बेहतर उपयोग और आय बढ़ाने के लिए प्लांट स्थापित करने का सुझाव दिया।
जिलाधिकारी ने नगर पंचायत कार्यालय के सामने स्थित कांशीराम आवासीय कॉलोनी का भी निरीक्षण किया। कॉलोनी में बने 132 आवासों में वर्तमान में 101 परिवार निवास कर रहे हैं। उन्होंने कॉलोनी की रंगाई-पुताई कराने के लिए कार्ययोजना तैयार कर प्रस्ताव भेजने तथा शीघ्र कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान मढ़ई निवादा स्थित पानी की टंकी का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को नियमित एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी देते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के लिए कहा।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी विकास कार्यों की नियमित निगरानी और जनहित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

