
जितेन्द्र सिंह जीतू आगरा मंडल प्रभारी शब्द मेल समाचार
मैनपुरी विधानसभा के दक्षिणी मंडल में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत एक भव्य और विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसने पूरे नगर को देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के रंग में सराबोर कर दिया। हाथों में लहराता तिरंगा, हृदय में असीम राष्ट्रप्रेम और जुबां पर ‘भारत माता की जय’ के गूंजते जयघोष के साथ निकली इस यात्रा में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों का उत्साह देखते ही बनता था। यह यात्रा न केवल राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान का प्रतीक बनी, बल्कि इसने देश की एकता, अखंडता और गौरव का सशक्त संदेश भी दिया।
यह गरिमामयी तिरंगा यात्रा करहल रोड स्थित उपवन जैन मंदिर (राजधानी स्वीट्स) के सामने से शाम 5.00 बजे अत्यंत उत्साह के साथ प्रारंभ हुई। देशभक्ति के गीतों और गगनभेदी नारों के बीच यह यात्रा नगर के विभिन्न मुख्य मार्गों एवं बाजारों से होती हुई नगर पालिका स्थित शहीद पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। रास्ते भर जगह-जगह स्थानीय निवासियों ने यात्रा का भव्य स्वागत किया और तिरंगे के प्रति अपनी अगाध श्रद्धा व्यक्त की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने तिरंगे को हर भारतीय की आन, बान और शान बताते हुए कहा कि यह ध्वज केवल कपड़े का टुकड़ा नहीं, बल्कि करोड़ों देशवासियों की राष्ट्रभावना और स्वाभिमान का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और भारत की अखंडता को और मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक अशोक चौहान, जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, नगर पालिका चेयरमेन संगीता गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख जागीर मनेश चौहान, जिला उपाध्यक्ष उदय चौहान, मंडल अध्यक्ष अवधेश गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष अमित गुप्ता, और जिला मंत्री धीरू राठौर , नगर उपाध्यक्ष शुभम गुप्ता, समाज सेवी किशन दुबे, भरत दुबे, पंकज गुप्ता, कीर्ति मोहन, सहित भाजपा के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में राष्ट्रभक्त नागरिक उपस्थित रहे।

