गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
ट्रक से टकराकर अनियंत्रित हुई कार, पांच घायल; मां-बेटे को गंभीर हालत में कानपुर किया गया रेफर
बिल्हौर। अरौल थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक से टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल मां-बेटे को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।
अमेठी के पूरे शिव गुलाम सोमपुर मलिकांत निवासी अनिरुद्ध शुक्ला फरीदाबाद में ठेकेदारी करते हैं। सोमवार सुबह वह पत्नी मनोरमा (47), बेटे आशीष (25), यश और बेटी खुशी के साथ कार से गांव जा रहे थे। सुबह करीब सात बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 212 पर उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में मनोरमा और आशीष गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी चोटिल हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीीडा कर्मियों ने सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने मनोरमा और आशीष को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार किया गया।
कानपुर के एलएलआर अस्पताल में उपचार के दौरान मनोरमा की मौत हो गई। थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि ट्रक से टकराने के बाद कार पलटने से हादसा हुआ। क्षतिग्रस्त कार को क्रेन की मदद से हटाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा करा दिया गया है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

