जितेन्द्र सिंह जीतू आगरा मंडल प्रभारी शब्द मेल समाचार
बीते 12 जून को शिकोहाबाद में सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। बीती रात छीछामई नहर के पास पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम की बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि उसके दो अन्य साथियों को भी पुलिस ने धर दबोचा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) आदित्य लांग्हे के निर्देशन में गठित 6 पुलिस टीमों ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर इन बदमाशों को ट्रेस किया था।
मुठभेड़ का विवरण
देर रात पुलिस टीम छीछामई नहर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर की काली स्कॉर्पियो कार आती दिखी। पुलिस के रोकने पर बदमाशों ने कार छोड़कर भागते हुए जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी सुमित उर्फ भोला (निवासी ग्रेटर नोएडा) के पैर में गोली लग गई। मौके से उसके दो अन्य साथियों नीरज और कौशेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बरामदगी और आपराधिक इतिहास
नकद व वाहन: पुलिस ने लूटा गया सोना बेचकर मिले 19 लाख रुपये, घटना में इस्तेमाल ब्लैक स्कॉर्पियो कार और एक TVS Raider बाइक बरामद की है।
हथियार: 2 अवैध तमंचे (315 बोर), 2 खोखा और 4 जिंदा कारतूस भी मिले हैं।
क्राइम रिकॉर्ड: पकड़े गए बदमाश बेहद शातिर हैं। घायल सुमित उर्फ भोला पर पहले से ही लूट, जानलेवा हमले और आर्म्स एक्ट के 16 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

