गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
बकोठी इंटर कॉलेज में सड़क सुरक्षा अभियान, 350 छात्र-छात्राओं ने ली यातायात नियमों के पालन की शपथ
बिल्हौर। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और युवाओं में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के निर्देश पर वर्टिस इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट द्वारा कानपुर के बिल्हौर ब्लॉक अंतर्गत अरौल थाना क्षेत्र के ग्राम बकोठी हाईवे स्थित राम गोपाल कटियार आदर्श इंटर कॉलेज, बकोठी में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एनएचएआई अधिकारियों एवं थाना अरौल पुलिस की टीम ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को सुरक्षित यातायात के नियमों की जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।
एनएचएआई अधिकारियों ने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं बिना हेलमेट वाहन चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग, ओवरस्पीड और लापरवाही के कारण होती हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करे तो बड़ी संख्या में दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि लोगों की जान बचाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए इस तरह के जागरूकता अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए गए तथा वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाए गए। इसके बाद लगभग 350 छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई और उन्हें स्वयं नियमों का पालन करने के साथ अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम में सेफ्टी मैनेजर संदीप तोमर, मेंटिनेंस मैनेजर शाद खान, गजेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार, पत्रकार गगनेश तिवारी, पत्रकार आलोक अवस्थी, पत्रकार जिया अंसारी, पत्रकार नितेश कटियार, आरपीओ सुनील सचान, आरपीओ दीपक तिवारी, प्रशांत, पुष्पेन्द्र, शिव करन, शुभम तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य रामजी कटियार, वीरेन्द्र, कमलेश, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

