गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
बिल्हौर कानपुर l
शिवराजपुर। थाना क्षेत्र के कपूरपुर गांव में गाली-गलौज का विरोध करना एक महिला और उसकी बेटी को भारी पड़ गया। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले लोगों ने महिला के घर के बाहर पहुंचकर डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची बेटी के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कपूरपुर गांव निवासी सोनी पत्नी विजय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार को वह अपने घर के दरवाजे पर खड़ी थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले शमशेर, सलमान, विजय बाबू और जीतू कथित रूप से वहां पहुंचे और बिना किसी बात के गाली-गलौज करने लगे। सोनी ने इसका विरोध किया तो आरोप है कि चारों लोगों ने उसके घर के दरवाजे तक पहुंचकर डंडों से मारपीट शुरू कर दी।
शोर सुनकर बेटी अपनी मां को बचाने के लिए पहुंची, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट की। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आरोपित मौके से चले गए। घायल महिला अपनी बेटी के साथ शिवराजपुर थाने पहुंची और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता ने तहरीर में आरोपितों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हुई है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

