शब्द मेल समाचार : उत्तराखंड प्रभारी
हरिद्वार में सावन मेले के दौरान स्वच्छता अभियान तेज, ब्रांड एम्बेसडर सोनिया जी ने श्रद्धालुओं से की सहयोग की अपील
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में चल रहे पावन सावन मेले के दौरान देश के विभिन्न राज्यों से लाखों शिवभक्त गंगा स्नान और भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इस अवसर पर हरिद्वार नगर निगम की ब्रांड एम्बेसडर सोनिया जी के नेतृत्व में विष्णु घाट से हाथी पुल तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए सोनिया जी ने सभी शिवभक्तों से अपील की कि वे गंगा स्नान पूरी सावधानी और शांति के साथ करें। उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालु अपने सामान का विशेष ध्यान रखें, किसी भी प्रकार की अफवाह या लड़ाई-झगड़े से दूर रहें तथा प्रशासन द्वारा बनाए गए नियमों का पालन करते हुए एक ही लाइन में चलें, ताकि यात्रा सुरक्षित एवं सुगम बनी रहे।
सोनिया जी ने क्षेत्र के दुकानदारों से भी संवाद करते हुए कहा कि वे श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करें, उचित मूल्य पर सामान उपलब्ध कराएं तथा अपनी दुकानों और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर हरिद्वार हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें प्रत्येक नागरिक, व्यापारी तथा श्रद्धालु का सहयोग आवश्यक है।
स्वच्छता अभियान के दौरान स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों ने श्रद्धालुओं को गंगा तट पर कूड़ा-कचरा न फैलाने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा कूड़ेदान का प्रयोग करने के लिए भी जागरूक किया। अभियान का उद्देश्य हरिद्वार की धार्मिक गरिमा और स्वच्छता बनाए रखना है, ताकि आने वाले सभी श्रद्धालु एक सकारात्मक और पवित्र वातावरण का अनुभव कर सकें।
सावन मेले के दौरान यह जन-जागरूकता अभियान लगातार जारी है और श्रद्धालुओं से स्वच्छ, सुरक्षित एवं अनुशासित यात्रा में सहयोग करने की अपील की जा रही है।
स्वच्छता अभियान में नीतू आनंद, सानिया, गणेश, राजू बंगाली, पूरी मेहनत से रात और दिन स्वच्छता कार्यक्रम में पूर्ण भागीदारी निभाई

