गगनेश तिवारी ब्यूरो :शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
कानपुर। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और रात के समय वाहन चालकों को हाईवे किनारे लगे बिजली के खंभे आसानी से दिखाई देने के उद्देश्य से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया। वर्टिस इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट की टीम ने बिल्हौर-कानपुर हाईवे की सर्विस रोड पर लगे बिजली के खंभों पर रिफ्लेक्टिव टेप और पट्टियां लगाईं।
अभियान के तहत रात में वाहनों की हेडलाइट पड़ने पर खंभे दूर से ही चमकते हुए दिखाई दें, इसके लिए प्रत्येक खंभे पर हाई मीटर लंबी रिफ्लेक्टिव पट्टी और टेप लगाया गया। इससे वाहन चालकों को सड़क किनारे मौजूद खंभों की स्थिति स्पष्ट रूप से नजर आएगी और दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी।
अभियान मंधना, अमिलिया और चौबेपुर समेत हाईवे के विभिन्न स्थानों पर चलाया गया। तकनीकी टीम ने चिन्हित बिजली के खंभों पर रिफ्लेक्टिव सामग्री लगाकर उन्हें अधिक सुरक्षित बनाया।
सेफ्टी मैनेजर संदीप तोमर ने बताया कि एनएचएआई के निर्देशानुसार बिल्हौर-कानपुर हाईवे की सर्विस रोड पर लगे सभी इलेक्ट्रिक पोलों को चरणबद्ध तरीके से रिफ्लेक्टिव पट्टी और टेप से सुरक्षित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य रात में वाहन चालकों को पोल आसानी से दिखाई देना, सड़क सुरक्षा बढ़ाना और संभावित दुर्घटनाओं को रोकना है।
उन्होंने कहा कि सड़क हादसों में कमी लाने के लिए इस तरह के सुरक्षा अभियान आगे भी जारी रहेंगे। वाहन चालकों से हाईवे पर निर्धारित गति सीमा और यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करने की अपील की गई।
अभियान के दौरान आरपीओ दीपक तिवारी, आरपीओ सुनील सचान, इलेक्ट्रिशियन अभय द्विवेदी, रवि, कुलदीप व दुर्गेश समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सड़क सुरक्षा से जुड़े प्रयास लगातार जारी रहेंगे

