गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
विधायक राहुल बच्चा सोनकर के लगातार प्रयासों से वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद
बिल्हौर। लंबे समय से आधुनिक बस अड्डे की मांग कर रही बिल्हौर की जनता को जल्द बड़ी सौगात मिलने जा रही है। क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त बस अड्डे के निर्माण की प्रक्रिया अब तेज होती दिखाई दे रही है। बिल्हौर विधायक राहुल बच्चा सोनकर के लगातार प्रयासों, शासन स्तर पर पैरवी और विभागीय बैठकों के बाद बस अड्डा निर्माण को लेकर सकारात्मक पहल शुरू हो चुकी है। इससे क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है और लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही बिल्हौर को एक व्यवस्थित एवं आधुनिक परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
जानकारी के अनुसार बिल्हौर क्षेत्र में वर्षों से एक व्यवस्थित बस अड्डे की कमी महसूस की जा रही थी। यात्रियों को सड़क किनारे या अस्थायी स्थानों से बसों का इंतजार करना पड़ता था। बरसात, गर्मी और सर्दी में यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। खासकर छात्र, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ती थी।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने जनता से बिल्हौर में बस अड्डा निर्माण कराने का वादा किया था। चुनाव जीतने के बाद उन्होंने इस मुद्दे को प्राथमिकता में रखते हुए लगातार शासन और परिवहन विभाग के अधिकारियों के समक्ष उठाया। हाल ही में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक में बिल्हौर बस अड्डा निर्माण को लेकर विस्तार से चर्चा हुई, जिसके बाद परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया तेज हो गई।
सूत्रों के मुताबिक बस अड्डे के लिए उपयुक्त भूमि का चिन्हांकन लगभग पूरा हो चुका है। प्रस्तावित बस अड्डा आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जहां यात्रियों के लिए विशाल प्रतीक्षालय, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, टिकट काउंटर, पार्किंग, बैठने की सुविधा और सुरक्षा संबंधी इंतजाम किए जाएंगे। इसके साथ ही बसों के सुचारु संचालन के लिए पर्याप्त प्लेटफॉर्म और यातायात व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।
स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों का कहना है कि बस अड्डा बनने से बिल्हौर क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। इससे न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी बल्कि व्यापारिक गतिविधियों में भी बढ़ोतरी होगी। आसपास के गांवों से आने वाले लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने से शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
क्षेत्रीय लोगों का मानना है कि आधुनिक बस अड्डा बनने से बिल्हौर की पहचान एक विकसित कस्बे के रूप में मजबूत होगी। साथ ही कानपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव और अन्य जिलों के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को भी काफी राहत मिलेगी।
विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने कहा कि बिल्हौर की जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस भरोसे को टूटने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और परिवहन जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। बस अड्डा निर्माण भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि “जनता से जो वादा किया था, उसे पूरा करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। बिल्हौर को आधुनिक और विकसित क्षेत्र बनाना हमारा संकल्प है।”
बस अड्डा निर्माण की खबर सामने आने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही बिल्हौर को एक ऐसा आधुनिक बस अड्डा मिलेगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार प्राप्त होगी।

