आलोक अवस्थी उत्तर प्रदेश प्रभारी शब्द मेल समाचार
उत्तर प्रदेश। कानपुर नगर।बिल्हौर। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की तहसील इकाई की सोमवार को तहसील परिसर में मासिक पंचायत हुई। तहसील अध्यक्ष शैलेंद्र यादव की अध्यक्षता में आयोजित पंचायत में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। पंचायत के बाद किसान प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
किसानों ने ग्राम सभा औरंगपुर सम्भी के रामपाटी गांव में बंद पड़े पुराने नाले को तत्काल खुलवाकर जेसीबी से सफाई कराने की मांग की। किसानों के अनुसार नाला बंद होने से गांव में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई घरों के आसपास पानी जमा होने से ग्रामीण परेशान हैं। गंदगी और जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। किसानों ने प्रभावित क्षेत्र में सैनिटाइजेशन और ब्लीचिंग का छिड़काव कराने की मांग की।
तहसील अध्यक्ष शैलेंद्र यादव ने कहा कि रामपाटी गांव में नाला बंद होने से ग्रामीण जलभराव और गंदगी की समस्या से परेशान हैं। कई घरों के आसपास पानी जमा है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल नाले की सफाई करानी चाहिए। तीन दिन में नाला नहीं खुलवाया गया तो भाकियू टिकैत किसानों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होगी।
खाद-बिजली की समस्या भी उठाई
पंचायत में यूरिया और डीएपी की कालाबाजारी रोकने, ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती बंद कराने तथा किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की मांग की गई। किसानों ने आलू समेत अन्य कृषि उपज का उचित मूल्य दिलाने और तहसील परिसर में दलाली व भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की मांग भी उठाई।
गैस बुकिंग की अवधि घटाने की मांग
किसानों ने ग्रामीण क्षेत्रों में रसोई गैस की किल्लत दूर करने और रीफिल बुकिंग की 45 दिन की अवधि घटाकर 25 दिन करने की मांग की। बरसात में खाना पकाने के लिए खेतों व आवासों के आसपास सूखे पेड़ों को काटने की अनुमति देने की मांग भी की गई।
गोवंश और स्वास्थ्य का मुद्दा उठाया
भाकियू ने आवारा गोवंशों को गोशालाओं में भेजने, पशुओं का टीकाकरण कराने तथा बरसात में संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए गांवों में ब्लीचिंग का छिड़काव कराने की मांग की।
इस दौरान युवा मंडल अध्यक्ष कानपुर रानू निगम, तहसील प्रवक्ता विजय मिश्रा, शिवराजपुर ब्लॉक अध्यक्ष समीर कुमार, तहसील महासचिव बलराम, ठाकुर प्रसाद, देवी सिंह, सोनू मिश्रा, राधेश यादव, कन्हाईलाल, जयसिंह, राम कुमार, अतर सिंह, मोहित, इंद्र देवी, राम देवी, इंद्रपाल, राजेंद्र, संतोष, राकेश, सतीश, सचिन, शोभित, प्रदीप, शिवकली, रमाकांति, शिवसिंह, शैलेंद्र कुमार, बबलू, पारस समेत सैकड़ों किसान और पदाधिकारी मौजूद रहे।

