जितेन्द्र सिंह जीतू आगरा मंडल प्रभारी : शब्द मेल समाचार
फिरोजाबाद। थाना नारखी पुलिस ने नाबालिग बच्ची से छेड़छाड़ के मामले में वांछित अभियुक्त वीरेश उर्फ वीरा को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना नारखी क्षेत्र के नयावांस निवासी विष्णु पुत्र स्वर्गीय राजवीर ने 27 जुलाई को तहरीर दी थी कि उसकी नाबालिग पुत्री के साथ गांव के ही रहने वाले वीरेश उर्फ वीरा पुत्र ग्याप्रसाद उर्फ कलोदी ने छेड़छाड़ की। शिकायत के आधार पर थाना नारखी में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की थी।
28 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर थाना नारखी पुलिस टीम ने बेंदी की पुलिया के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस 315 बोर बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना प्रभारी राकेश कुमार गिरी, उपनिरीक्षक रामवीर सिंह, मुख्य आरक्षी सुधीर कुमार और रिक्रूट आरक्षी रोबिन शामिल रहे।

