जितेन्द्र सिंह जीतू आगरा मंडल प्रभारी : शब्द मेल समाचार
मैनपुरी में दिव्यांगजनों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मैनपुरी में ‘दिव्यांगजन रोजगार अभियान-3.0’ का आयोजन किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, सेवायोजन विभाग एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे इस अभियान के तहत 6 अगस्त और 10 अगस्त 2026 को राजकीय आईटीआई परिसर में रोजगार मेले लगाए जाएंगे।
कंपनियों में इंटरव्यू, नौकरी पाने का सीधा अवसर
रोजगार मेले में जनपद की औद्योगिक इकाइयों एवं अन्य संस्थानों में उपलब्ध रिक्तियों के सापेक्ष दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार देने का अवसर मिलेगा, जिसके बाद योग्य अभ्यर्थियों का चयन नौकरी के लिए किया जा सकेगा। खास बात यह है कि इस अभियान का लाभ मैनपुरी के साथ-साथ अन्य जनपदों के दिव्यांगजन भी उठा सकते हैं।
नौकरी नहीं तो स्वरोजगार की राह भी खुलेगी
अभियान केवल नौकरी तक सीमित नहीं है। दिव्यांगजन यदि अपना कारोबार शुरू करना चाहते हैं तो उन्हें जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र द्वारा संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के माध्यम से स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को कर-मुक्त ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था है।
6 और 10 अगस्त को आईटीआई पहुंचें
राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य एवं जिला समन्वयक ने इच्छुक दिव्यांगजन लाभार्थियों से अपील की है कि वे 6 अगस्त अथवा 10 अगस्त को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान परिसर में पहुंचकर रोजगार मेले में प्रतिभाग करें। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है
अगर आप दिव्यांग हैं और नौकरी या अपना रोजगार शुरू करने का अवसर तलाश रहे हैं, तो 6 या 10 अगस्त का रोजगार मेला आपके लिए महत्वपूर्ण मौका साबित हो सकता है।

