गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
अरौल/मकनपुर। श्रावण मास के पावन अवसर पर अरौल थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघौली के श्री महावीर जी विराजमान मंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा का रविवार को धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण में समापन हुआ। कथा के अंतिम दिन कथा व्यास पंडित अभिषेक कृष्ण शास्त्री जी महाराज ने भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों की महिमा का विस्तार से वर्णन किया। कथा सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और पूरा पंडाल हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।
पंडित अभिषेक कृष्ण शास्त्री ने कहा कि भगवान शिव की आराधना मनुष्य को आध्यात्मिक शांति प्रदान करती है। उन्होंने सोमनाथ, मल्लिकार्जुन, महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, केदारनाथ, भीमाशंकर, काशी विश्वनाथ, त्र्यंबकेश्वर, वैद्यनाथ, नागेश्वर, रामेश्वरम और घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंगों की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रद्धा और विश्वास के साथ ज्योतिर्लिंगों का स्मरण एवं दर्शन मनुष्य के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और शांति का संचार करता है।
पूर्णाहुति के साथ हुआ कथा का समापन
सात दिवसीय कथा के समापन अवसर पर विधि-विधान से हवन एवं पूर्णाहुति कराई गई। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कथा के दौरान मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा।
कार्यक्रम श्री हनुमान विराजमान मंदिर के मुख्य पुजारी संत श्री ओम दास जी महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। आयोजन में मंदिर समिति के पदाधिकारियों, श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रीय लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कथा के समापन पर आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

