ससुराल से घर लौट रहा था ऑटो चालक, बिल्हौर स्टेशन के पश्चिमी छोर पर ट्रेन की चपेट में आया; पिता बोले- बेटा चला गया, अब मेरा इलाज कौन कराएगा
बिल्हौर। बिल्हौर रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह दर्दनाक हादसे में चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे युवक का पैर फिसल गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
कन्नौज जनपद में मकरंदनगर कुतलूपुर मोहल्ला निवासी 35 वर्षीय शेष कुमार शुक्ला खेती-बाड़ी न होने के कारण ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। शेष के पिता राजेश शुक्ला कैंसर से पीड़ित हैं। बेटे की मौत की खबर सुनकर पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उन्होंने कहा, “बेटा तो चला गया, अब मेरा इलाज कौन कराएगा और मेरी देखभाल कौन करेगा।”
परिजनों के मुताबिक शेष कुमार रविवार को अपनी ससुराल शिवराजपुर गए थे। सोमवार सुबह वह बर्राजपुर स्टेशन से पैसेंजर ट्रेन में सवार होकर कन्नौज लौट रहे थे। ट्रेन बिल्हौर स्टेशन पर रुकी तो वह किसी कारण से नीचे उतर गए। कुछ देर बाद ट्रेन चलने लगी तो उन्होंने दोबारा चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्टेशन के पश्चिमी छोर पर अलंकार पैलेस के सामने चलती ट्रेन में चढ़ते समय अचानक उनका पैर फिसल गया। वह ट्रेन की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही दम तोड़ दिया।
शेष कुमार की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनके परिवार में मां रेखा, पत्नी शिवानी और करीब डेढ़ वर्ष की मासूम बेटी है। पति और पिता की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंची रेलवे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

