पुलिस प्रशासन और एनएचएआई हाईवे पेट्रोलिंग टीम की संयुक्त कार्रवाई, जाम व हादसों पर लगेगी रोक
गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
शिवराजपुर/कानपुर। अलीगढ़-कानपुर नेशनल हाईवे स्थित नेवादा टोल प्लाजा पर बृहस्पतिवार को पुलिस प्रशासन और एनएचएआई हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान टोल प्लाजा के दोनों ओर लगी दुकानों को एनएचएआई की क्रेन की मदद से हटवाया गया।
सीआरओ यशवंत प्रजापति ने बताया कि शिवराजपुर थाना पुलिस की मौजूदगी में टोल प्लाजा के आसपास किए गए अतिक्रमण को हटाया गया है। उन्होंने बताया कि दुकानों के सड़क किनारे और टोल प्लाजा के समीप लगे होने के कारण अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी, जिससे हाईवे से गुजरने वाले राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
शिवराजपुर थाने के उपनिरीक्षक लोकेश सोलंकी ने बताया कि इन दुकानों और अतिक्रमण के कारण कई बार दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। टोल प्लाजा के आसपास वाहनों की आवाजाही अधिक होने के कारण जाम लगने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। इसी को देखते हुए पुलिस प्रशासन और एनएचएआई की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सभी दुकानों को हटवा दिया।
अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण कर दुकानें लगाई गईं तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान उपनिरीक्षक लोकेश सोलंकी, सीआरओ यशवंत प्रजापति, गजेंद्र, सुनील सचान, शिवप्रकाश सहित पुलिसकर्मी और एनएचएआई हाईवे कर्मचारी मौजूद रहे।

