गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
अरौल/बिल्हौर। कस्बा अरौल में शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे कन्नौज-बिल्हौर मार्ग पर बलेनो कार और ई-रिक्शा की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल सीएचसी बिल्हौर भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर उपचार के लिए एलएलआर अस्पताल (हैलट), कानपुर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मारुति बलेनो कार संख्या यूपी 32 पीपी 6116 के चालक अनुराग मिश्रा (35) अलीगढ़ से अपने घर लखनऊ जा रहे थे। चालक के अनुसार, अरौल कस्बे में ओवरटेक करने के दौरान हादसा हुआ। इसी दौरान कन्नौज की ओर से बिल्हौर की तरफ जा रही कार सामने से आ रहे ई-रिक्शा संख्या यूपी 74 एटी 0862 से टकरा गई।
हादसे में ई-रिक्शा चालक राकेश राठौर (40) पुत्र स्व. बिंदालाल निवासी मित्रसेनपुर, जनपद कन्नौज, सवारी निशा बेगम (38) पत्नी फिरोज खान निवासी करौली ठठिया, जनपद कन्नौज तथा देशराज गौतम (45) पुत्र बनवारी लाल निवासी पिहानी मजबूत नगर, थाना अरौल घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरौल विनय तिवारी के निर्देशन में उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घायलों को उपचार के लिए सीएचसी बिल्हौर भिजवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए एलएलआर अस्पताल (हैलट), कानपुर रेफर कर दिया।
पुलिस ने हटवाए दुर्घटनाग्रस्त वाहन
हादसे के बाद मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारू कराई। घटना के बाद मौके पर शांति व्यवस्था कायम रही। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वन-साइड सर्विस रोड से बढ़ रहा हादसों का खतरा
अरौल कस्बे में सड़क की यातायात व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में लगातार चिंता बनी हुई है। लोगों का कहना है कि कस्बे में वन-साइड सर्विस रोड होने के कारण वाहनों की आवाजाही के दौरान अक्सर जाम और टकराव की स्थिति बन जाती है। पर्याप्त चौड़ाई और सुचारू यातायात व्यवस्था नहीं होने से वाहन चालकों को ओवरटेक करने के दौरान भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, अरौल कस्बे में आए दिन छोटे-बड़े सड़क हादसे होते रहते हैं। लोगों ने संबंधित विभाग से सर्विस रोड की यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने, आवश्यक स्थानों पर संकेतक लगाने और सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में होने वाले हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।

