आलोक अवस्थी उत्तर प्रदेश प्रभारी शब्द मेल समाचार
उत्तर प्रदेश: कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बार फिर तत्परता का परिचय देते हुए छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कमिश्नर के सख्त निर्देशों के तहत चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, महाराजपुर थाना क्षेत्र में एक छात्रा स्कूल से घर लौट रही थी, तभी रास्ते में एक युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की। घटना की सूचना मिलते ही पीड़िता के परिजनों ने पुलिस से शिकायत की, जिस पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए विशेष अभियान चलाया और आरोपी गंगाराम उर्फ कपूरे यादव (करीब 25 वर्ष), निवासी हाथीगांव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश कुमार, चौकी प्रभारी सरसौल सादाब खान और उनकी टीम की अहम भूमिका रही, जिन्होंने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। खासकर महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
पुलिस का सख्त संदेश है कि बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

