“रायगढ़ जिले में प्रशासनिक भूचाल! लैलूंगा समेत चार एसडीएम बदले, जानिए किसे मिली नई जिम्मेदारी”
रायगढ़ कलेक्टर का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, लैलूंगा समेत चार एसडीएम का तबादला
रोशन यादव : शब्द मेल समाचार छत्तीसगढ़
रायगढ़, 08 जुलाई 2026। रायगढ़ जिले में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए कलेक्टर कार्यालय ने राज्य प्रशासनिक सेवा के चार अधिकारियों के नवीन पदस्थापना आदेश जारी किए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, घरघोड़ा के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी के जिला पंचायत राजनांदगांव के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पद पर अस्थायी पदस्थ होने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिले के चार एसडीएम के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है।
नए आदेश के तहत भरत कौशिक, जो अब तक लैलूंगा के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) थे, उन्हें धरमजयगढ़ का नया एसडीएम बनाया गया है। वहीं जिला कार्यालय रायगढ़ में पदस्थ राकेश कुमार वर्मा को लैलूंगा का नया अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा प्रवीण कुमार भगत को धरमजयगढ़ से खरसिया तथा प्रवीण तिवारी को खरसिया से घरघोड़ा का एसडीएम बनाया गया है।
कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह तबादला प्रशासनिक दृष्टिकोण से तथा न्यायालयीन एवं कार्यालयीन कार्यों के सुचारु संचालन के उद्देश्य से किया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
लैलूंगा में अब नए एसडीएम के रूप में राकेश कुमार वर्मा की पदस्थापना के बाद प्रशासनिक कार्यों में नई गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।

