गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
बिल्हौर। बिल्हौर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेदीपुर स्थित प्रसिद्ध श्री आनंदेश्वर धाम में प्रति वर्ष की भांति बुधवार को पूर्व प्रधान तिलकराम श्रीवास्तव के द्वारा श्रद्धा और भक्ति के साथ रुद्राभिषेक कार्यक्रम का आयोजन कराया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा। विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के बीच भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
रुद्राभिषेक के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा। कार्यक्रम में पूर्व प्रधान तिलकराम श्रीवास्तव के परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहे और धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता की। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने श्री आनंदेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन किए और पूजा-अर्चना में भाग लिया।
रुद्राभिषेक कार्यक्रम के समापन के बाद मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों की ओर से भंडारे की बेहतर व्यवस्था की गई थी, जिससे आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कार्यक्रम में बिल्हौर विधायक राहुल बच्चा सोनकर भी शामिल हुए। उन्होंने श्री आनंदेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। विधायक के पहुंचने पर आयोजकों एवं स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने धार्मिक आयोजनों को समाज में आपसी भाईचारा और सद्भाव बढ़ाने वाला बताया।
इस अवसर पर मोहित श्रीवास्तव, छोटू, शोभित, मंटू सहित परिवार के सदस्य, ग्रामीण और अन्य श्रद्धालु प्रमुख रूप से मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन का आनंद लिया।

