गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
बिल्हौर। थाना बिल्हौर पुलिस ने विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए लंबे समय से वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस आयुक्त कानपुर नगर के निर्देश एवं पुलिस उपायुक्त पश्चिम के मार्गदर्शन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई।
प्रभारी निरीक्षक बिल्हौर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के चंदौली अंडरपास पुल के पास सर्विस रोड से वांछित अभियुक्त अनवर पुत्र स्वर्गीय हमीद निवासी ग्राम सीताराम पुरवा, थाना बिल्हौर को गिरफ्तार किया। अभियुक्त की उम्र करीब 33 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 87/2026 धारा 191(2), 115(2), 352, 351(3), 109(1) बीएनएस एवं 3(2)5 एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज था और वह काफी समय से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सफल गिरफ्तारी अभियान में उपनिरीक्षक अजय कुमार, उपनिरीक्षक अक्षय कुमार, उपनिरीक्षक संदीप कुमार, हेड कांस्टेबल राजवीर सिंह, कांस्टेबल विवेक तथा कांस्टेबल रोहित कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही।

