गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
बिल्हौर। बिल्हौर थाना पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में आरोपित युवक को गिरफ्तार कर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, बिल्हौर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी कुछ दिन पहले लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी तलाश के बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के सीठऊपुरवा गांव निवासी चांद बाबू उर्फ गोलू पुत्र शराफत अली पर किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू की। सर्विलांस टीम की मदद से आरोपित के संभावित ठिकाने की जानकारी जुटाई गई। शुक्रवार को पुलिस टीम ने आरोपित के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसी दौरान किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया गया।
थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पीड़िता के न्यायिक बयान एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपित के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत दुष्कर्म की धाराएं बढ़ाई गई हैं। आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

