आलोक अवस्थी उत्तर प्रदेश प्रभारी शब्द मेल समाचार
फायर सेफ्टी और अनुमति मानकों की अनदेखी पड़ी भारी, संयुक्त टीम के निरीक्षण में मिलीं गंभीर खामियां
कन्नौज। जनपद में छात्रों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए छिबरामऊ क्षेत्र में संचालित कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी का औचक निरीक्षण किया। एडीएम के नेतृत्व में प्रशासन, पुलिस एवं फायर विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न संस्थानों की जांच की, जिसमें फायर सेफ्टी मानकों और आवश्यक अनुमति संबंधी नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आए। कार्रवाई करते हुए चार कोचिंग सेंटरों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया, जबकि एक लाइब्रेरी को मानक पूरे होने तक बंद रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान टीम ने छह शिक्षण संस्थानों के दस्तावेजों, अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन निकासी मार्ग और संचालन संबंधी अनुमतियों की गहन जांच की। जांच में कई संस्थानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाई गई।
कार्रवाई के तहत बनवारीनगर निवासी धीरज गुप्ता की विद्या ज्ञान डिजिटल लाइब्रेरी, पवन कुमार की अध्ययन लाइब्रेरी, सादाब की एमएफ लाइब्रेरी तथा आवास विकास कॉलोनी निवासी आशुतोष दुबे की ऋषिका लाइब्रेरी में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
इसके अलावा गंगेश्वर नाथ मंदिर के पीछे संचालित स्टडी पॉइंट डिजिटल लाइब्रेरी को भी निर्धारित सुरक्षा एवं संचालन मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित होने तक बंद रखने का आदेश दिया गया।
अधिकारियों ने कोचिंग एवं लाइब्रेरी संचालकों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि छात्रों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने सभी संस्थानों को अग्निशमन सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन निकास व्यवस्था और सक्षम प्राधिकारी से आवश्यक अनुमति प्राप्त करने के बाद ही संचालन करने के निर्देश दिए हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य कोचिंग एवं लाइब्रेरी संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है।

