आलोक अवस्थी उत्तर प्रदेश प्रभारी शब्द मेल समाचार
लखनऊ अग्निकांड के बाद कानपुर में सख्ती, 40 से अधिक संस्थानों को नोटिस
पुलिस कमिश्नरेट की बैठक में होटल, हॉस्टल, अस्पताल और कोचिंग संचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश
कानपुर।
लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद कानपुर पुलिस कमिश्नरेट प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताडा की अध्यक्षता में होटल, हॉस्टल, अस्पताल, कोचिंग संस्थान एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में फायर विभाग, नगर निगम, कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान संस्थानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा संचालकों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताडा ने स्पष्ट कहा कि जिन संस्थानों में निर्धारित मानकों के विपरीत कार्य हो रहा है, वे तत्काल कमियों को दूर करें, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आग लगने की स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों के संबंध में आवश्यक जानकारी भी साझा की।
पुलिस एवं संबंधित विभागों द्वारा हाल ही में कोचिंग संस्थानों, अस्पतालों, हॉस्टलों, स्कूलों समेत करीब एक हजार से अधिक संस्थानों का सत्यापन कराया गया। जांच के दौरान अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियां पाए जाने पर अग्निशमन विभाग ने 40 से अधिक संस्थानों को नोटिस जारी किए हैं।
बैठक में मौजूद संस्थानों के प्रतिनिधियों से सुझाव भी मांगे गए, ताकि सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाया जा सके। अधिकारियों ने कहा कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

