गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
बिल्हौर (कानपुर नगर)। कानपुर-अलीगढ़ हाईवे पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। घटना लालपुर गांव के पास हुई, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्हौर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मृतक की पहचान किदवई नगर निवासी 40 वर्षीय शिवा के रूप में हुई है, जो जूही गोशाला इलाके में रहते थे। वह राधा फैक्ट्री में कपड़ों पर फेरी लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार, शिवा शनिवार को अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए बिल्हौर क्षेत्र के ककवन स्थित एक गेस्ट हाउस आए थे।
बताया गया कि देर रात तक शिवा के घर न लौटने पर परिजनों ने उनके मोबाइल पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन उठाकर सूचना दी कि शिवा लालपुर गांव के पास हाईवे किनारे घायल अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से उन्हें सीएचसी बिल्हौर ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद शिवा को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का कहना है कि शिवा का किसी से कोई विवाद नहीं था, ऐसे में यह घटना संदिग्ध प्रतीत होती है। उन्होंने आशंका जताई है कि हत्या कर शव को सड़क पर फेंका गया हो सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
एसएसआई रवि शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

