गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
बेटे पर पिता के खाते से नौ लाख रुपये निकालने का आरोप डीसीपी के निर्देश पर मुकदमा दर्ज
कानपुर। ककवन थाना क्षेत्र के मनावां गांव में एक पिता ने अपने ही बेटे पर बैंक खाते से करीब नौ लाख रुपये निकालने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में स्थानीय पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने की शिकायत के बाद डीसीपी वेस्ट के निर्देश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मनावां निवासी सर्वेश कुमार ने डीसीपी वेस्ट को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि उनके बैंक खाते से लगभग नौ लाख रुपये उनकी जानकारी और अनुमति के बिना निकाल लिए गए। उन्होंने अपने पुत्र हरिओम पर विभिन्न माध्यमों से रकम निकालने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने पहले ककवन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी वेस्ट एस.एम. कासिम आबिदी ने जांच के निर्देश दिए। इसके बाद ककवन थाना प्रभारी जितेंद्र राजपूत ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी पुत्र के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस अब बैंक खाते के लेन-देन का विवरण जुटाने में लगी है। जांच की जा रही है कि रकम किस माध्यम से निकाली गई और उसे किन खातों अथवा स्थानों पर स्थानांतरित किया गया। पुलिस बैंक रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।
थाना प्रभारी जितेंद्र राजपूत ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

