गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
चौबेपुर (कानपुर):
चौबेपुर क्षेत्र के तातीयागंज में बिजली विभाग की घोर लापरवाही और उदासीनता का खामियाजा एक बार फिर एक बेजुबान गाय को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से गाय की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
अक्सर पोल में उतरता है करंट, विभाग बना मूकदर्शक
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि तातीयागंज में लगे बिजली के पोल में करंट उतरना एक आम समस्या बन गई है। विशेष रूप से बरसात या नमी वाले दिनों में खंभे में करंट दौड़ने लगता है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना रहता है। लोगों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचित किया गया, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी शिकायतों को नजरअंदाज कर रहे क्या किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार है?
स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है; इससे पहले भी करंट की चपेट में आने से कई मवेशियों की जान जा चुकी है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि क्या विभाग किसी बड़ी मानवीय दुर्घटना या किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है? यदि समय रहते ढीले तारों और अर्थिंग की समस्या को ठीक नहीं किया गया, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
बिजली के पोल के नीचे मृत पड़ी गाय का स्थानीय लोगों ने वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस वीडियो के माध्यम से लोग विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं और प्रशासन से अविलंब सुधारात्मक कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी और विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि तातीयागंज के जर्जर बिजली नेटवर्क की तत्काल जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी और जीव या व्यक्ति की जान न जाए।

