गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
शिवराजपुर। थाना क्षेत्र के खेवेश्वर स्थित सरैया गंगा तट पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। शराब के नशे में गंगा स्नान करने पहुंचे एक युवक ने गहरे पानी में छलांग लगा दी और डूबने लगा। मौके पर मौजूद एक नाविक ने अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत गंगा में छलांग लगाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, शिवराजपुर कस्बे के वार्ड नंबर-1 निवासी छोटेलाल (40) गंगा स्नान के लिए खेवेश्वर घाट पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक नशे की हालत में था। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में उतर गया और डूबने लगा। यह देख घाट पर मौजूद नाविक ने बिना देर किए नदी में छलांग लगाई और साथी की मदद से युवक को सुरक्षित नाव पर चढ़ा लिया।
हैरानी की बात यह रही कि बचाए जाने के बाद भी युवक ने दोबारा गंगा में छलांग लगा दी। इस दौरान घाट पर तैनात पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। नाविक और एक अन्य गोताखोर ने फिर से नदी में उतरकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।
युवक की इस लापरवाही से नाराज कुछ लोगों ने उसकी पिटाई भी कर दी। हालांकि पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया, युवक को कड़ी चेतावनी दी और उसके परिजनों के सुपुर्द कर घर भेज दिया।
गुरु पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और स्नान की तैयारियों के बीच हुई इस घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देने वाले नाविक की जमकर सराहना की।

