गगनेश तिवारी ब्यूरो: शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
बिल्हौर/अरौल। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के तहत अरौल थाना पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने कार्रवाई करते हुए एक मनचले युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 296 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, श्रावण मास को देखते हुए थाना क्षेत्र के मंदिरों और घाटों के आसपास एंटी रोमियो टीम द्वारा लगातार भ्रमण कर महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। इसी दौरान सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं व युवतियों को परेशान करने तथा आपत्तिजनक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर ग्राम चीतामऊ निवासी नीरज पुत्र रामलड़ैते (23 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
थाना पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध मु.अ.सं. 163/26, धारा 296 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। कार्रवाई एंटी रोमियो टीम प्रभारी उपनिरीक्षक प्रीतांजलि यादव के नेतृत्व में की गई। टीम में महिला आरक्षी करिश्मा, आरक्षी रोशनी और आरक्षी राजकुमार सिंह शामिल रहे।
थाना प्रभारी विनय कुमार तिवारी ने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को परेशान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

