गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
बिल्हौर। देशभक्ति के जोश और राष्ट्रप्रेम के उत्साह के बीच मंगलवार को बिल्हौर नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में लहराता तिरंगा और गूंजते भारत माता के जयकारों से पूरा नगर राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। यात्रा में हजारों क्षेत्रवासियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र के बिल्हौर नगर एवं ग्रामीण मंडल की ओर से आयोजित तिरंगा यात्रा में विधायक राहुल बच्चा सोनकर शामिल हुए। यात्रा का शुभारंभ नगर स्थित कोतवालेश्वर मंदिर से हुआ। विभिन्न मार्गों से होते हुए यात्रा बिल्हौर ब्लाक परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। रास्तेभर लोगों ने भारत माता की जय और देशभक्ति के नारे लगाए।
ब्लाक परिसर पहुंचने के बाद विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने सरदार वल्लभभाई पटेल और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान के साथ ही राष्ट्रीय एकता, अखंडता और स्वाभिमान का प्रतीक है। देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
बिल्हौर नगर के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी नरेंद्र मिश्रा नवले ने कहा कि देश को स्वतंत्रता अनगिनत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान से मिली है। हम सभी उन महान विभूतियों के ऋणी हैं। बिल्हौर में निकली तिरंगा यात्रा में क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण का प्रमाण है।
इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता कौशल अवस्थी, रामशरण कटियार, नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा, नगर प्रभारी दीप्ति सिंह, हितेश भदौरिया, गौरव शर्मा, स्वप्नेश तिवारी, आदेश तिवारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
अरौल कस्बे में भी निकली भव्य तिरंगा यात्रा
इसी क्रम में अरौल कस्बे में भी भव्य तिरंगा यात्रा रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ विद्या भवन इंटर कॉलेज से किया गया, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के पास पहुंचकर संपन्न हुई।
इस तिरंगा यात्रा में जिला अध्यक्ष उपेंद्र पासवान, जिला महामंत्री जयप्रकाश कटियार, विधायक राहुल बच्चा सोनकर, पूर्व मंत्री अरुणा कोरी, मनोज दिवाकर, ब्लॉक प्रमुख मनोरमा कठेरिया, मंडल उपाध्यक्ष शिवम कटियार, कमल कटियार सहित कई प्रमुख नेता शामिल रहे।
कार्यक्रम के संयोजक मंडल महामंत्री आनंद कटियार रहे। साथ ही मंडल के पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को भव्य बनाया। यात्रा में भारी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

