गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
सैकड़ों कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा थामकर निकाली विशाल पदयात्रा, देशप्रेम व एकता का दिया संदेश
बिल्हौर उत्तरीपुरा। भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष से बुधवार को उत्तरीपुरा कस्बा राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो उठा। क्षेत्रीय विधायक राहुल बच्चा सोनकर और मंडल अध्यक्ष अनुपम सिंह के नेतृत्व में कस्बे में विशाल तिरंगा पदयात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा थामे सैकड़ों कार्यकर्ताओं और विद्यालय के बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया। इस दौरान ‘विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा’ के उद्घोष से वातावरण गूंजता रहा।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से आम जनमानस और युवाओं में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति, एकता और अखंडता की भावना जागृत करने का संदेश दिया गया। यात्रा में शामिल लोगों ने तिरंगे को देश की आन, बान और शान के साथ ही राष्ट्रीय एकता, अखंडता और स्वाभिमान का प्रतीक बताया। देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उनके बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया।
यात्रा के दौरान पूरा कस्बा देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों के हाथों में लहराते तिरंगे तथा भारत माता के जयकारों ने लोगों में उत्साह भर दिया। आयोजकों ने कहा कि तिरंगा यात्राएं युवा पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास, वीरों के बलिदान और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों से जोड़ने का माध्यम हैं।
तिरंगा यात्रा में सेवा मंदिर प्रबंधक सतीश चंद्र वर्मा, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती मनोरमा कठेरिया, जिला अध्यक्ष उपेंद्र नाथ पासवान, जिला उपाध्यक्ष गीता गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष अनुरुद्ध शुक्ला, जिला महामंत्री जेपी कटियार, जिला सहकोषाध्यक्ष विक्रम मिश्रा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

